रामा वर्ल्ड में दहशत: लिफ्ट-सीढ़ी पर सांपों का कब्जा
1 min read

रामा वर्ल्ड में दहशत: लिफ्ट-सीढ़ी पर सांपों का कब्जा

बिलासपुर । बिलासपुर की सबसे सुरक्षित और सुसज्जित कही जाने वाली रामा वर्ल्ड कॉलोनी के निवासी इन दिनों दहशत में हैं। बारिश शुरू होते ही यहां जहरीले सांपों का आतंक फैल गया है। लिफ्ट से लेकर सीढ़ी तक सांपों का डेरा है, जिससे निवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

लोगों ने लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर इस कॉलोनी में मकान खरीदे थे, जहां बिल्डर ने सर्वसुविधायुक्त और सुरक्षित होने का दावा किया था। हालांकि, अब बिल्डर के सारे दावे खोखले साबित हो रहे हैं। कॉलोनी में पिछले छह महीनों में चोरी की कई वारदातें हुई हैं और आवारा कुत्तों का आतंक भी बढ़ा है। कई निवासियों ने चोरी गए सामान की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कराई है।

ताजा संकट बारिश के साथ शुरू हुआ सांपों का आतंक है। कॉलोनी में रहने वाले लोग अब लिफ्ट या सीढ़ी का उपयोग करने से भी डर रहे हैं, क्योंकि वहां सांप देखे जा रहे हैं। फ्लोर और पार्किंग में भी जहरीले सांप घूम रहे हैं, जिससे बच्चों और बड़ों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सुबह के समय बच्चे स्कूल जाते हैं और बड़े मॉर्निंग वॉक पर निकलते हैं, ऐसे में जूते में सांप घुसने या किसी भी अनहोनी का डर बना हुआ है। निवासियों का सवाल है कि क्या कॉलोनी में होने वाली किसी भी अप्रिय घटना के लिए बिल्डर जिम्मेदार होगा, या समय रहते सांपों से सुरक्षा के लिए कोई कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *