आदर्श दुर्गोत्सव समिति का गौरवशाली 50वां स्वर्ण जयंती वर्ष* 10 दिवसीय भव्य आयोजन
इस नवरात्र पर 10 दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन
बिलासपुर।
आदर्श दुर्गोत्सव समिति, सुभाष नगर गौड़पारा इस वर्ष अपने गौरवशाली 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश कर रही है। समिति ने इस अवसर को यादगार बनाने के लिए नवरात्र महोत्सव को 10 दिनों तक भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप में मना रहा है।


समिति के अध्यक्ष जवाहर सराफ ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि परंपरागत रूप से आदर्श चौक पर आयोजित होने वाला आयोजन इस बार नदी तट प्रस्तावित रिवर व्यू रोड पर भी किया जा रहा है। वहीं आदर्श चौक पर भी प्रतिमा स्थापना और पूजा-अर्चना विधिवत रूप से जारी रहेगी।
भव्य शोभायात्रा से होगा शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ रविवार, 21 सितम्बर की शाम 6 बजे माता रानी के भव्य आगमन से होगा। शोभायात्रा खाटू श्याम मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए रिवर व्यू रोड पहुँचेगी। इसमें सुप्रसिद्ध गायक दुकालू यादव जसगीत और जागरण की प्रस्तुति देंगे। बस्तर के आदिवासी कलाकारों, उड़ीसा के सिंघ बाजा, केरल के कान्तार, उज्जैन के डमरु दल, पंजाबी ढोल तथा छत्तीसगढ़ी पारंपरिक नृत्य राउत नाच व करमा की विशेष झलकियां देखने को मिलेंगी। शोभायात्रा में प्रेम मंदिर, जगन्नाथ पुरी और महाकाल मंदिर की आकर्षक झांकी भी शामिल होगी।
