छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 11 IAS अफसरों के तबादले, कई जिलों के बदले कलेक्टर…
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए एक साथ 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। खास बात यह है कि यह आदेश विधानसभा सत्र के दौरान जारी किया गया है, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। इस फेरबदल में कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, वहीं कुछ अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागीय जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, दंतेवाड़ा के कलेक्टर कुणाल दुदावत को अब कोरबा जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं, अब तक कोरबा जिले की कमान संभाल रहे अजीत वसंत को सरगुजा जिले का कलेक्टर बनाया गया है। इसके साथ ही सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर को एक नई और अहम जिम्मेदारी देते हुए अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के पद पर पदस्थ किया गया है। यह नियुक्ति भारत निर्वाचन आयोग की स्वीकृति के बाद अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगी
अन्य आदेशों के तहत, प्रकाश कुमार सर्वे को नगर निगम बिलासपुर का आयुक्त, गजेंद्र सिंह ठाकुर को जिला पंचायत धमतरी का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) और रोमा श्रीवास्तव को मंत्रालय में उप सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है।
