बिलासपुर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने संभाला पदभार, स्मार्ट सिटी और मूलभूत सुविधाओं पर फोकस देने की बात कही
1 min read

बिलासपुर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने संभाला पदभार, स्मार्ट सिटी और मूलभूत सुविधाओं पर फोकस देने की बात कही


बिलासपुर —बिलासपुर नगर निगम के इतिहास में आज का दिन एक नए विकास अध्याय की शुरुआत के रूप में दर्ज हो गया, जब नवपदस्थ आईएएस प्रकाश कुमार सर्वे ने नगर पालिक निगम कमिश्नर एवं एमडी स्मार्ट सिटी के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जनहितकारी क्रियान्वयन ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
पदभार ग्रहण के पश्चात कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निगम एवं स्मार्ट सिटी से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर चल रही योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निगम के समस्त कार्य शहरवासियों के सहयोग से पूरे किए जाएंगे, ताकि विकास की गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित हो सके।
स्वच्छता में नंबर-1 का लक्ष्य
कमिश्नर सर्वे ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बिलासपुर का देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त करना गर्व का विषय है, लेकिन अब लक्ष्य पहला स्थान हासिल करने का है। उन्होंने स्वच्छता को सतत और अनिवार्य प्रक्रिया बताते हुए कहा कि नागरिकों के सहयोग से इसे और बेहतर बनाया जाएगा।

स्मार्ट सिटी और मूलभूत सुविधाओं पर फोकस
उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम एवं स्मार्ट सिटी के अंतर्गत चल रहे सभी विकास कार्यों को समय पर पूर्ण कराना, साथ ही पानी, सड़क, सफाई, प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं शहरवासियों को निर्बाध रूप से उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
नए क्षेत्रों में भी पहुंचेगा विकास
नगर निगम सीमा में हाल ही में शामिल हुए नए क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं और विकास कार्य सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता भी कमिश्नर सर्वे ने दोहराई।
टीम वर्क से बनेगा सुंदर बिलासपुर
कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा…
कोई भी कार्य अकेले संभव नहीं होता। बेहतर टीम वर्क और जनसहयोग से ही शहर को सुंदर, स्वच्छ और विकसित बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *