लाल किला ब्लास्ट को केंद्र ने माना आतंकी हमला, 4 कारों में धमाके की थी साजिश
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार ब्लास्ट की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों ने गुरुवार को बताया कि धमाके की साजिश सिर्फ दो नहीं, बल्कि चार गाड़ियों में रची गई थी। दो और पुरानी कारों को भी विस्फोट के लिए तैयार किया जा रहा था, ताकि धमाके का दायरा और बड़ा किया जा सके।
यह पूरी साजिश डॉ. मोहम्मद उमर और डॉ. मुजम्मिल की तीन डायरियों से उजागर हुई है। इन डायरियों में 8 से 12 नवंबर की तारीखों के साथ पूरे ऑपरेशन का ब्लूप्रिंट दर्ज है। जांच में यह भी सामने आया कि डायरी में करीब 25 लोगों के नाम दर्ज हैं, जिनमें ज्यादातर जम्मू-कश्मीर और फरीदाबाद के रहने वाले हैं।
डायरियां अल फलाह यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में उमर के कमरा नंबर 4 और मुजम्मिल के कमरा नंबर 13 से बरामद हुईं। इसके अलावा, पुलिस को मुजम्मिल के किराए के मकान से भी एक डायरी मिली है।
