अमित बघेल गिरफ्तार, पुलिस कस्टडी मे माँ के अंतिम संस्कार मे शामिल होंगे,3 दिन की पुलिस रिमांड मे रहेंगे
छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल को देवेंद्र नगर पुलिस ने शनिवार को उस वक्त पकड़ लिया, जब वे थाने पहुंचने से महज 20 मीटर दूर थे। बघेल का दावा था कि वे सरेंडर करने आए हैं, लेकिन पुलिस ने इसे गिरफ्तारी की कार्रवाई बताया। इसी को लेकर समर्थकों और पुलिस के बीच तकरार तेज हो गई है।
गिरफ्तारी के बाद बघेल को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। इस दौरान एक मानवीय पहलू भी सामने आया—मां के निधन के बीच कोर्ट ने अनुमति दी कि पुलिस कस्टडी में ही वे पथरी गांव जाकर अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे। शुक्रवार को उनकी मां का निधन हुआ था, जिसके बाद परिवार शव को गांव ले गया है।
इधर, बघेल की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही आमापारा जी रोड पर उनके समर्थक जुटने लगे। देखते ही देखते सड़क दोनों ओर से जाम हो गई। करीब दो घंटे तक लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने कार्रवाई कर एक लेन खोल दी। जाम के बीच पुलिस और समर्थकों ने आपसी समझदारी दिखाते हुए एंबुलेंस को रास्ता दिया।
