खुलासा -जुए सट्टे में रकम गंवाने के बाद व्यापारी ने रची 1.29 करोड़ लूट की कहानी, देनदारों की देनदारी से बचने की थी साजिश,
राजधानी रायपुर के सराफा बाजार में हुई कथित करोड़ों की लूट की कहानी का राज खुल गया है। पुलिस जांच में यह पूरा मामला फर्जी निकला। पूछताछ में खुद कारोबारी ने कबूल किया कि उसने जुए और सट्टे में तगड़ी रकम गंवा दी थी और देनदारों से बचने के लिए 1.29 करोड़ रुपए की लूट का ड्रामा रचा था।
दरअसल, अलीगढ़ (यूपी) निवासी और रायपुर में शिवा ट्रेडर्स नामक फर्म चलाने वाले कारोबारी राहुल गोयल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दो नकाबपोश लुटेरों ने उनके घर में घुसकर 86 किलो चांदी के जेवर लूट लिए। घटना आधी रात करीब 3 बजे की बताई गई थी। कारोबारी ने दावा किया था कि लुटेरों ने उनके मुंह में बेहोशी की दवा भिगोया रूमाल रख दिया, रस्सी से बांधकर दो बैग में चांदी भर ली और बालकनी से रस्सी के सहारे नीचे उतरकर भाग गए।
सुबह होश आने पर कारोबारी ने खुद को खोला और पड़ोसी को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस को मौके पर कई बातें लगी संदिग्ध कड़ाई से पूछताछ पर हुआ खुलासा
फ्लैट के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले।
किसी तरह के फुटप्रिंट या फिंगरप्रिंट नहीं मिले।
डॉग स्क्वाड सुराग नहीं पकड़ सका।
पड़ोसियों ने भी किसी संदिग्ध के आने-जाने की आवाज नहीं सुनी।
इन सभी तथ्यों के बाद पुलिस ने कारोबारी से सख्ती से पूछताछ की, तब जाकर सारा सच सामने आया।
*खुलासा: देनदारी से बचने की थी साजिश*
